प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आगमन पर उमड़ा जनसैलाब, ऐतिहासिक बना मंगलवार
महाराजगंज।
निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के जनपद आगमन पर मंगलवार का दिन महराजगंज के लिए अविस्मरणीय बन गया। जिले की सीमा कतरारी व टोल प्लाजा से लेकर नगर के प्रमुख चौराहों और भाजपा जिला कार्यालय तक उत्साह, उल्लास और अभिनंदन का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जनसैलाब पूरे मार्ग पर उमड़ पड़ा, जिससे जनपद उत्सवमय वातावरण में रंग गया।
जगह-जगह जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा, क्रेन के माध्यम से विशाल मालाओं से सम्मान, और कार्यकर्ताओं के गगनभेदी नारों ने स्वागत को ऐतिहासिक बना दिया। यह भव्य अभिनंदन जिले के राजनीतिक इतिहास में एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज हो गया।
हर पड़ाव पर हुआ गर्मजोशी से स्वागत
कतरारी और टोल प्लाजा पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। परतावल में भाजपा नेता निर्भय सिंह, शिवशंकर बर्मा एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने आत्मीय अभिनंदन किया।
भिटौली में जिला कोषाध्यक्ष ठाकुर रौनियर व पूर्व जिला मंत्री प्रदीप उपाध्याय, शिकारपुर में प्रमुख प्रतिनिधि धीरू सिंह, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष दिनेश जायसवाल व इंद्रजीत गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोशीला स्वागत किया।
गौरनियां में प्रधान रामेंद्र पटेल, रामपुरवा में जिला पंचायत सदस्य अभय बहादुर सिंह व चौधरी विजय सिंह, हनुमानगढ़ी पर मुरली निगम, सतीश वर्मा, मोहित मदन मधेशिया व श्याम नारायण यादव की टीम ने अभिनंदन किया।
नगर में सक्सेना तिराहे पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सनंदन पटेल और नगरवासियों ने फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया।
भाजपा जिला कार्यालय में विशाल स्वागत सभा
स्वागत श्रृंखला के बाद भाजपा जिला कार्यालय में भव्य स्वागत सभा का आयोजन हुआ। व्यापार मंडल, ईंट-भट्ठा संघ, अधिवक्ता संघ, राइस मिलर संघ सहित विभिन्न सामाजिक-व्यावसायिक संगठनों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर प्रदेश अध्यक्ष का सम्मान किया। विधायकगण व पार्टी पदाधिकारियों ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
कार्यकर्ताओं के स्नेह से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा—
“संगठन और कार्यकर्ता मेरे लिए सर्वोपरि हैं। मेरे राजनीतिक जीवन की सबसे बड़ी शक्ति जनता का आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं की निष्ठा है। मैं स्वयं को कार्यकर्ता-केंद्रित नेता मानता हूं।”











