सोनौली महराजगंज
भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे महराजगंज जिले के नौतनवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध विदेशी महिला को पुलिस ने हिरासत में लिया। महिला के चीनी नागरिक होने की आशंका के बाद मामला बेहद संवेदनशील हो गया, जिसके चलते स्थानीय पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बैरिया बाजार पास एक महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए ग्रामीणों ने देखा। महिला न तो स्थानीय भाषा समझ पा रही थी और न ही अपने बारे में कोई स्पष्ट जानकारी दे पा रही थी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना नौतनवा पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया।
महिला के विदेशी होने की आशंका सामने आते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद एलआईयू (लोकल इंटेलिजेंस यूनिट), इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), इमीग्रेशन विभाग और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की टीमें जांच में जुट गईं। एजेंसियों द्वारा महिला से संयुक्त रूप से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में ली गई महिला की पहचान तेनजिन तसेपो के रूप में बताई जा रही है। आशंका है कि वह तिब्बत क्षेत्र की निवासी हो सकती है, हालांकि उसकी चीनी नागरिकता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। महिला के पास पासपोर्ट, वीजा या अन्य वैध यात्रा दस्तावेज भी अब तक नहीं मिले हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है।
अवैध रूप से सीमा पार करने की जांच
महराजगंज जिला भारत–नेपाल सीमा से लगा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इस बिंदु की गंभीरता से जांच कर रही हैं कि कहीं महिला अवैध रूप से सीमा पार कर भारत में प्रवेश तो नहीं कर आई। इमीग्रेशन विभाग महिला के यात्रा इतिहास और प्रवेश रिकॉर्ड की गहन जांच कर रहा है।
सबसे बड़ा सवाल: अकेले कैसे पहुंची सीमावर्ती क्षेत्र तक?
सुरक्षा एजेंसियों के सामने यह बड़ा सवाल बना हुआ है कि भाषा और क्षेत्र से अनजान होने के बावजूद महिला अकेले इस सीमावर्ती इलाके तक कैसे पहुंची। यह भी जांच की जा रही है कि महिला किसी नेटवर्क के संपर्क में तो नहीं थी या किसी स्थानीय व्यक्ति ने उसकी मदद की थी। महिला के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और डिजिटल गतिविधियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है।
हर पहलू से जांच जारी
फिलहाल महिला को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और लगातार पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां उसके व्यक्तिगत विवरण, पारिवारिक पृष्ठभूमि, यात्रा मार्ग और भारत आने के उद्देश्य की जानकारी जुटा रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसका किसी धार्मिक, राजनीतिक या अन्य संवेदनशील गतिविधियों से कोई संबंध तो नहीं है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हुई हैं।







