विश्व पर्यटन दिवस पर महराजगंज जिले से सटे भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए होटल व्यवसाई संघ एवं पर्यटन व्यवसाई संघ तथा सोसाइटी ऑफ टूर एंड ट्रेवल्स संगठन की सहभागिता में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर नेपाल की महिलाओं तथा बच्चों तथा अन्य कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए लुंबिनी प्रदेश सरकार के गृह मंत्री संतोष पाण्डेय ने कहा कि भारतीय पर्यटक नेपाल में पहले पच्चीस हजार रुपए भारतीय तक ही लेकर आ सकते थे तथा यूरोप और अमेरिका के लोग 5 हजार डॉलर तक लेकर आ सकते थे। जिस पर हम लोगों ने प्रदेश सरकार से निर्णय लेने के बाद केंद्र सरकार के वित्तमंत्री से समन्वय स्थापित करते हुए भारतीय पर्यटकों को 4 लाख 50 हजार रुपए तक नेपाल में लेकर आने की अनुमति दी गई है। जिससे पर्यटक सामानों की खरीदारी व घूमने फिरने के साथ फुल एंजॉयमेंट कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने नेपाल में 100 रुपए से अधिक की सामग्री लाने की बात पर कहा कि भारत और नेपाल का रोटी बेटी का संबंध है। यह नियम सिर्फ अवैध रूप से नेपाल में कारोबार करने व तस्करी पर रोकथाम के लिए लागू किया गया है। लेकिन जो आम नागरिक और पर्यटक हैं, उन पर सहजता का वातावरण बना रहेगा।
इसके साथ ही भारत नेपाल बॉर्डर के समीप बेलहिया से नो मैंस लैंड तक एक विशेष जागरूकता रैली भी निकल गई। जिसमें अमेरिकी टूरिस्ट सेन इनिस्ट को रथ पर बैठा कर सम्मान और स्वागत किया। इस अवसर पर नेपाल के रूपंदेही जिले के तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीयों समेत राजनितिक पदाधिकारीयों और आम नागरिकों ने रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उक्त कार्यक्रम में मुख्य रूप से लुंबिनी प्रदेश सरकार के गृह मंत्री संतोष पाण्डेय, प्रमुख जिलाधिकारी गणेश आर्याल, सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस भारत बहादुर बी. के, सशस्त्र प्रहरी बल केएस पी दीपक थापा, सिद्धार्थ नगर • नगर पालिका भैरहवा - के मेयर इश्तियाक अहमद खान, उप मेयर उमा अधिकारी, रूपंदेही संजाल के अध्यक्ष अनिल ज्ञवाली, नेपाल भारत मैत्री संघ के वरिष्ठ एवं आजीवन सदस्य मनोज कुमार त्रिपाठी, होटल व्यवसाई राम बहादुर कोइरी, सोसाइटी ऑफ टूर एंड ट्रैवल एसोसिएशन और नेपाल - भारत मैत्री संघ के जिलाध्यक्ष श्री श्रीचंद्र गुप्त, नेपाल भारत मैत्री संघ के सचिव नलिन शर्मा, सिद्धार्थ होटल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष किशोर जोशी, भंसार एजेंट संघ भैरहवा के पूर्व अध्यक्ष डा. शांत कुमार शर्मा व विष्णु शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और आम जन उपस्थित रहे।