नौतनवा महराजगंज।
महिला कल्याण विभाग, महराजगंज के तत्वावधान में राजीव गांधी फार्मेसी कॉलेज, नौतनवा में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए एक दिवसीय आत्मरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना था ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में स्वयं की रक्षा कर सकें।
कार्यशाला में एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) एवं पीजीएसएस संस्था के प्रशिक्षकों ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक तरीकों और तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बताया कि आत्मरक्षा केवल शारीरिक सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास का भी प्रतीक है। उपस्थित बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सीखे गए तकनीकी कौशलों का अभ्यास भी किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग की टीम ने प्रतिभागियों को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान जैसी योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके अतिरिक्त महिलाओं को महिला अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों, जैसे घरेलू हिंसा अधिनियम 2005, यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम 2013, और बाल संरक्षण कानून (POCSO Act) के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस सेवा 108 और स्वास्थ्य सहायता नंबर 102 के उपयोग और महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएँ न केवल आत्मरक्षा की भावना जगाती हैं बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ाती हैं। उन्होंने इस पहल के लिए महिला कल्याण विभाग और मिशन शक्ति टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को मिशन शक्ति अभियान के तहत समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया।











