नौतनवा (महराजगंज)।
बिहार में आयोजित कांग्रेस-राजद की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता जी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार को नगर के मुख्य चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता जितेंद्र जायसवाल ने किया। उन्होंने कहा कि "प्रधानमंत्री और उनकी माता जी के विरुद्ध मंच से अशोभनीय शब्दों का प्रयोग बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। एक बुजुर्ग दिवंगत महिला के खिलाफ अपशब्द कहना राजनीतिक गरिमा पर कलंक है। कांग्रेस पार्टी को देशवासियों से तत्काल माफी मांगनी चाहिए।"
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से घबराकर मर्यादा तोड़ रही है। "गाली-गलौज और घटिया भाषा से कांग्रेस जनता को गुमराह नहीं कर सकती। देश की जनता इस राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगी और कमल को और मजबूती से खिलाएगी।"
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी पर जनता की भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप लगाया।
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें ओमप्रकाश, सुधांशु वर्मा, दुर्गेश, सुनील, निखिल, सनोज, जुगल किशोर, राधेश्याम, शत्रुघ्न जायसवाल, जगदीश, रामकिशन, उदय, संतोष, मनोज, हरिनारायण, प्रेम जायसवाल, सत्यम समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।









