महराजगंज। कोठीभार
महराजगंज महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत आज महराजगंज के पुलिस अधीक्षक व डीएम अशोक शर्मा ने थाना कोठीभार क्षेत्र के ग्राम पंचायत भुवना में चौपाल लगाई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बालिकाएं, स्थानीय प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं व बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों – 1090 महिला हेल्पलाइन 112 आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर क्राइम 1098 बाल सहायता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकट या आपात स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत कॉल कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
अधिकारियों ने चौपाल में उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर शासन की नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी। मिशन शक्ति के अंतर्गत चलाए जा रहे कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया गया और उपस्थित महिलाओं-बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकार, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के तरीके समझाए गए।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने महिला कल्याण विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के हित में संचालित योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े टिप्स दिए, जिससे वे हर परिस्थिति में खुद को सुरक्षित रख सकें।
पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि “मिशन शक्ति अभियान केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह महिलाओं के आत्मविश्वास, अधिकार और सुरक्षा सुनिश्चित करने का व्यापक आंदोलन है। समाज की आधी आबादी को सशक्त और सुरक्षित बनाना ही सरकार की प्राथमिकता है।”
कार्यक्रम के अंत में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा से संबंधित पम्पलेट व हेल्पलाइन पोस्टर भी वितरित किए गए ताकि गांव की हर महिला और बालिका इन सेवाओं का लाभ उठा सके।









