नौतनवा महराजगंज
महाराजगंज जिले के स्थानीय थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) महाराजगंज, क्षेत्राधिकारी, मिशन शक्ति टीम, एन्टी रोमियो टीम और साइबर क्राइम टीम द्वारा संयुक्त रूप से बालिकाओं को महिलाओं के प्रति अपराधों, गुड टच और बैड टच की पहचान, साइबर अपराधों से बचाव आदि महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा और सहायता हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। इनमें 1090 (वीमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 102 और 108 (स्वास्थ्य सेवाएं), 1930 (साइबर अपराध शिकायत), और 1098 (बाल सहायता हेल्पलाइन) प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वयं सहायता समूह, महिला समृद्धि योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि बालिकाओं को अपने अधिकारों और उपलब्ध सरकारी सहायता के बारे में जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास को बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज में सुरक्षा की भावना को प्रबल करना था। इस पहल के माध्यम से, पुलिस विभाग ने छात्रों को न केवल सुरक्षा संबंधी जानकारी दी, बल्कि उन्हें जीवन में आने वाली विभिन्न समस्याओं से निपटने के लिए भी सक्षम बनाने का प्रयास किया।
विद्यालय प्रशासन ने पुलिस विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बालिकाओं के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, और इससे उन्हें अपने अधिकारों की रक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिलता है।







