महराजगंज।
थाना बरगदवा क्षेत्र के ग्राम सेमरहना में बीती रात एक बुजुर्ग महिला पर उस समय जानलेवा हमला कर दिया गया जब वह शौचालय के लिए बाहर जा रही थी। अज्ञात हमलावर ने महिला का गला रेतने के साथ-साथ हाथ की नसें भी काट दीं। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने तुरंत घटना स्थल का निरीक्षण किया और घायल महिला के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना के सफल अनावरण के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। टीमें घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने, संभावित आरोपियों की तलाश और आस-पास के क्षेत्र में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। इस सनसनीखेज वारदात ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।











