सोनौली, महराजगंज।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 86वीं जयंती शनिवार को सोनौली नगर पंचायत में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धापूर्वक मनाई गई। सपा के राष्ट्रीय सचिव बैजू यादव के कैंप कार्यालय पर नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं की आंखें नम हो गईं और सभी ने नेताजी के संघर्ष एवं योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बैजू यादव ने कहा कि “नेताजी की कमी हमेशा खलेगी। उन्होंने गरीब, मजदूर, किसान और वंचित तबके के लोगों को राजनीति की मुख्यधारा से जोड़ा। उनकी महानता इसी में है कि उन्होंने उन लोगों को भी विधानसभा और संसद तक पहुंचाया, जो कभी इसके बारे में सोच भी नहीं पाते थे।”
उन्होंने आगे कहा कि मुलायम सिंह यादव गरीबों, किसानों और कमजोर वर्गों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने सब्जी बेचने वालों, रोज़मर्रा के कामगारों और गाँव के आम लोगों को भी जनप्रतिनिधित्व दिलाकर राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की।
बता दें कि मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा के सैफई गांव में हुआ था। वे 1989, 1993 और 2003 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और देश के रक्षा मंत्री के रूप में भी अहम भूमिका निभाई। 1992 में उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की। मरणोपरांत वर्ष 2023 में उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उनका निधन 10 अक्टूबर 2022 को हुआ था।










