सोनौली/महराजगंज।
भारत–नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर पर तस्करी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। तस्कर अब सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बचने के लिए महिलाओं का सहारा ले रहे हैं। कड़ी चौकसी के बावजूद सीमा क्षेत्र में महिलाओं को तस्करी का सामान लेकर इस पार से उस पार दौड़ लगाते हुए अक्सर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, ये महिलाएं नेपाल से भारत आने और भारत से नेपाल जाने वाले भारी वाहनों की आड़ लेकर सीमा पार करती हैं। जैसे ही कोई ट्रक या बड़ा वाहन आगे बढ़ता है, महिलाएं उसके बीच से दौड़ लगाते हुए सरहद पार कर जाती हैं, जिससे जवानों को भी तत्काल कार्रवाई में कठिनाई होती है। इस दौरान किसी बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
गुरुवार की सुबह करीब सात बजे ऐसी ही कुछ महिलाएं सोनौली नो मेंस लैंड के पास एकत्रित देखी गईं। वे तस्करों द्वारा सौंपे गए सामान को नेपाल पहुंचाने के लिए नेपाल जाने वाले वाहनों का इंतजार कर रही थीं। मौका मिलते ही महिलाएं तेज रफ्तार से दौड़ लगाकर नेपाल की ओर निकल गईं। यही प्रक्रिया नेपाल से भारत की ओर आने के दौरान भी अपनाई जाती है।
लगातार सामने आ रही इस नई तस्करी पद्धति ने सीमा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह एक नई चुनौती बनती जा रही है।







