सोनौली महराजगंज
कंचनपुर: पुलिस ने शुक्रवार देर रात विशेष अभियान चलाकर पांच लोगों को नकली भारतीय मुद्रा के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से 500 रुपये के 147 नकली नोट बरामद हुए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) एवं जिला पुलिस कार्यालय कंचनपुर के प्रवक्ता सागर बोहरा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो नेपाली और तीन भारतीय नागरिक शामिल हैं। इनमें बंसाह, शुक्लाफांटा नगर पालिका-1 कंचनपुर निवासी 32 वर्षीय सौगात बहादुर सिंह और 24 वर्षीय चंद्र बोहरा, भारत के बरेली जिले के टेसिल्मीगंज गांव निवासी 25 वर्षीय कुलदीप चतुर्वेदी, फत्तेगंज निवासी 20 वर्षीय अमित यादव और उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के 24 वर्षीय हिमांशु शर्मा हैं।
डीएसपी बोहरा के अनुसार, झलारी क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय को सूचना मिली थी कि पंजीकरण संख्या यूपी 14 बीएच 2073 वाले वाहन से नकली नोटों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन का पीछा किया। इस दौरान नेपाल सेना की श्री रणसिंह सुरक्षा बटालियन पोस्ट, शुक्लाफांटा नगर पालिका-3, जोनापुर पर वाहन को रोका गया, जहां तलाशी के दौरान नकली नोट बरामद हुए।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद यह पता लगाया जाएगा कि नकली नोटों का जाल कहां तक फैला हुआ है और इनके तार किन गिरोहों से जुड़े हैं।









